पटना: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर राष्ट्रीय लोकतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) में सीट बंटवारे की घोषणा के बाद भी सहयोगी दलों के बीच असंतोष थमने का नाम नहीं ले रहा है. सूत्रों के अनुसार, राष्ट्रीय लोक मोर्चा प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा महुआ विधानसभा सीट लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) को दिए जाने से नाराज बताए जा रहे हैं.

मंगलवार देर रात भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने कुशवाहा के आवास पर पहुंचकर उन्हें मनाने की कोशिश की. केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, मंत्री नितिन नवीन और भाजपा नेता ऋतुराज सिन्हा करीब आधी रात को उपेंद्र कुशवाहा के घर पहुंचे और लंबी बैठक की. बताया जा रहा है कि यह बातचीत सुबह करीब चार बजे तक चली, लेकिन इसका कोई ठोस नतीजा नहीं निकला.

इस दौरान सहयोगी दलों के कई अन्य नेताओं से भी फोन पर चर्चा की गई. हालांकि बैठक के बाद भाजपा नेताओं ने कोई बयान नहीं दिया, लेकिन कुशवाहा ने मीडिया से कहा — “नथिंग इज वेल इन NDA.”
अब नाराजगी के बाद हालात और दिलचस्प हो गए हैं. बुधवार सुबह खबर आई कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उपेंद्र कुशवाहा को दिल्ली बुलाया है. सूत्रों के अनुसार, कुशवाहा नित्यानंद राय के साथ दिल्ली जाएंगे, जहां अमित शाह से मुलाकात कर स्थिति पर चर्चा करेंगे.

राजनीतिक हलकों में माना जा रहा है कि भाजपा नेतृत्व गठबंधन के भीतर की नाराजगी को जल्द सुलझाने की कोशिश में है ताकि बिहार चुनाव में एनडीए एकजुट होकर उतर सके.

