गया. बिहार विधानसभा चुनाव से पहले नक्सलियों की बड़ी साजिश को सुरक्षा बलों ने नाकाम कर दिया है. गया जिले के लुटुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत असुराइन डैम के समीप से करीब 10 किलोग्राम का प्रेशर मेकैनिज्म आईईडी (बम) बरामद किया गया है. माना जा रहा है कि नक्सली इस विस्फोटक का इस्तेमाल सुरक्षा बलों को निशाना बनाने या चुनावी प्रक्रिया को बाधित करने के लिए करने वाले थे.

सूचना मिलते ही गया एसएसपी आनंद कुमार के निर्देश पर सिटी एसपी रामानंद कुमार कौशल के मार्गदर्शन में इमामगंज एसडीपीओ के नेतृत्व में सीआरपीएफ, एसटीएफ और लुटुआ थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई. टीम ने असुराइन डैम के आसपास सघन तलाशी अभियान चलाया और इस दौरान 10 किलोग्राम का आईईडी बरामद किया गया. इसके बाद 215 डी बटालियन सीआरपीएफ के बम निरोधक दस्ते ने मौके पर ही आईईडी को निष्क्रिय कर दिया.
पुलिस सूत्रों के अनुसार, माओवादी किसी विध्वंसक घटना को अंजाम देने की फिराक में थे, लेकिन सुरक्षा बलों की तत्परता से एक बड़ी अनहोनी टल गई. इस मामले में लुटुआ थाना में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है. वहीं, इलाके में नक्सलियों के खिलाफ सर्च ऑपरेशन जारी है. इस कार्रवाई ने न केवल नक्सलियों की मंशा पर पानी फेर दिया, बल्कि यह भी साबित कर दिया कि चुनावी समय में प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है.

