नवादा/ Arzoo Bakhsh बिहार के नवादा जिले के 3 नंबर बस स्टैंड के पास झाड़ियों में एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान कौवाकोल के डोमनबाग निवासी ब्रह्मदेव महतो के पुत्र सचिन कुमार के रूप में हुई है.

बताया जा रहा है कि सचिन सिपाही भर्ती परीक्षा देने सासाराम जा रहा था. सुबह 10 बजे वह घर से निकला था. दोपहर 12 बजे के आसपास नवादा के मेहता गली के पास झाड़ियों में उसकी गोली मारी हुई लाश मिली. घटना की जानकारी मिलते ही आरक्षी अधीक्षक अभिनव धीमान दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की. एफएसएल की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए हैं. मृतक के चाचा बबलू महतो ने बताया कि सचिन पूरी उम्मीद और तैयारी के साथ परीक्षा देने निकला था. लेकिन किसे पता था कि उसे रास्ते में ही मौत मिल जाएगी. फिलहाल हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही अपराधियों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी. इस वारदात से परिजनों में कोहराम मच गया है और इलाके में दहशत का माहौल है.

