मुजफ्फरपुर: जिले के साहेबगंज थाना क्षेत्र में सोमवार की देर शाम उस समय हड़कंप मच गया जब नगर परिषद साहेबगंज देवरिया रोड स्थित पेट्रोल पंप के दक्षिण दिशा में सड़क किनारे एक वृद्ध महिला गिरी हुई पाई गई. करीब 62 वर्ष की यह महिला काफी देर तक सड़क पर पड़ी रही, जिसे देखकर स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही साहेबगंज थानाध्यक्ष सुनील कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. निरीक्षण के दौरान महिला मृत पाई गई. प्रारंभिक जांच में पुलिस और स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि ठंड लगने के कारण महिला की मृत्यु हुई होगी, क्योंकि शरीर पर किसी प्रकार की चोट या संघर्ष के निशान नहीं मिले हैं.

घटना स्थल के आसपास के लोगों ने बताया कि मृत महिला इलाके में रहने वाली नहीं लगती और संभवतः बाहर से आई थी. हालांकि अभी तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है. पुलिस आसपास के क्षेत्रों में पहचान संबंधी जानकारी जुटा रही है और लोगों से भी मदद की अपील की गई है.
घटना के बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. थानाध्यक्ष ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और मृत महिला की पहचान स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है.

