मुजफ्फरपुर/ Arzoo Bakhsh बिहार के मुजफ्फरपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां बहादुरपुर मठ के महंत कौशल किशोर दास की हत्या कर दी गई है. उनका शव रविवार सुबह बूढ़ी गंडक नदी किनारे कीचड़ में सना हुआ मिला. महंत शनिवार की रात मठ में अकेले सोए थे. सुबह उनका शव मठ से करीब एक किलोमीटर दूर मिला.

घटना मीनापुर प्रखंड के पानापुर ओपी क्षेत्र की है. स्थानीय लोगों ने सुबह शौच के लिए जाते समय शव को देखा और पहचान की.
सूचना मिलते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई. पुलिस और FSL की टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेजा गया है. महंत अकेले अपने एक सेवक के साथ मठ में रहते थे. रात करीब 12 बजे वह सोने गए और सेवक अपने घर लौट गया था.
रातभर महंत अकेले थे. सुबह उनका शव मिलने के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है.
परिजनों का कहना है कि महंत का किसी से कोई विवाद नहीं था. ऐसे में उनकी हत्या कैसे और क्यों हुई, यह रहस्य बना हुआ है.
घटना को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है. स्थानीय लोगों का कहना है कि यह जघन्य अपराध है और दोषियों को जल्द सजा मिलनी चाहिए. मुजफ्फरपुर में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है. अब एक धार्मिक स्थल के महंत की हत्या ने पुलिस प्रशासन को कटघरे में खड़ा कर दिया है. इस मामले में एएसपी सहरियर अख्तर ने जानकारी दी है.
उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस व FSL की टीम मौके पर पहुंची.
वैज्ञानिक ढंग से जांच की जा रही है. महंत अकेले रहते थे और हत्या की आशंका गहराई है. पुलिस का कहना है कि हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा.
फिलहाल इलाके में तनाव का माहौल है और पुलिस मामले की तह तक जाने की कोशिश कर रही है.

