मुजफ्फरपुर: जिले के बरूराज थाना क्षेत्र के नगर पंचायत अंतर्गत वार्ड नंबर पांच में बीती रात अज्ञात चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया. पेशे से आशा कार्यकर्ता मंजू देवी के घर से चोरों ने करीब 10 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया. चोरी गई संपत्ति में 30 हजार रुपये नकद और सोने-चांदी के आभूषण शामिल हैं.

गृहस्वामिनी मंजू देवी के पति दिलीप राय ने इस संबंध में अज्ञात चोरों के खिलाफ बरूराज थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है. बताया गया है कि घटना के समय पूरा परिवार घर में सो रहा था. देर रात चोरों ने मुख्य दरवाजे की कुंडी खोलकर घर में प्रवेश किया और अलमीरा में रखे बैग से नगदी और आभूषण निकाल लिए.
रात में अचानक मंजू देवी की नींद खुलने पर उन्होंने देखा कि घर का सामान बिखरा हुआ है. घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही बरूराज थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू कर दी. फिलहाल पुलिस अज्ञात चोरों की पहचान में जुटी हुई है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है.
स्थानीय लोगों के बीच इस चोरी की बड़ी घटना को लेकर भय और असुरक्षा का माहौल है. लोगों ने इलाके में रात्रि गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की है.

