मुजफ्फरपुर/ Arzoo Bakhsh जिले में अपराधियों ने बुधवार देर रात एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया. जहां तुर्की थाना क्षेत्र के कुरहनी ब्लॉक गेट के सामने स्थित इंडिया वन बैंक के एटीएम को बदमाशों ने गैस कटर से काटा और उखाड़कर अपने साथ ले गए. घटना के समय एटीएम में दो लाख तीन हजार रुपये मौजूद थे.

सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि रात 2:32 बजे काले रंग की स्कॉर्पियो से अपराधी पहुंचे. उनमें से एक बदमाश ने गमछे से चेहरा ढक रखा था. उसने पहले सीसीटीवी पर स्प्रे मारा और फिर दूसरे कैमरे का तार काट दिया. इसके बाद गैस कटर से एटीएम के कैश बॉक्स को काटकर उसे उठा ले गए.
घटना की जानकारी गुरुवार सुबह तब मिली जब स्थानीय दुकानदार अपनी दुकानें खोलने पहुंचे. पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद तुर्की थाना की टीम मौके पर पहुंची. डॉग स्क्वॉड और एफएसएल की टीम ने जांच शुरू कर दी है.
ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वारदात को स्कॉर्पियो से आए बदमाशों ने अंजाम दिया है. संदेह है कि यह किसी संगठित गैंग की करतूत है. मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित कर दी गई है. इससे पहले भी 17 मार्च को मुजफ्फरपुर के सदर थाना क्षेत्र के आरके टावर स्थित आईडीबीआई बैंक के एटीएम को चोरों ने काट दिया था. उस घटना में गैस कटर से एटीएम को जलाकर करीब 4,33,400 रुपये की नकदी और अन्य उपकरण नष्ट हो गए थे. उस मामले में भी काले रंग की स्कॉर्पियो और हरियाणा के गैंग की संलिप्तता सामने आई थी.

