मोतिहारी: आगामी विधानसभा चुनाव से पहले मोतिहारी पुलिस ने कुख्यात अपराधी कमरुद्दीन मियां उर्फ ढोलकवा के घर पर छापेमारी कर हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद किया है. पुलिस ने उसके आवास से सात लग्जरी गाड़ियां भी जब्त की हैं, जिनमें थार समेत कई एसयूवी गाड़ियां शामिल हैं.

कमरुद्दीन मियां ने 1997 में अपराध की दुनिया में कदम रखा था और जिले में उसके खिलाफ लगभग दो दर्जन गंभीर मामले विभिन्न थानों में दर्ज हैं. कुछ साल पहले तक वह मुंबई की जेल में बंद था. हाल ही में कमरुद्दीन ने अपनी पत्नी को मुखिया के चुनाव में जीत दिलाई थी, जिसके बाद से वह फिर से सुर्खियों में आ गया था.

पुलिस ने मुखिया पत्नी को भी हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. इस पूरे ऑपरेशन का नेतृत्व स्वयं जिला पुलिस अधीक्षक ने किया. छापेमारी के दौरान पुलिस ने ऑटोमेटिक पिस्टल, कार्बाइन, राइफल और भारी मात्रा में कारतूस बरामद किए. पुलिस अब कमरुद्दीन के आपराधिक नेटवर्क और उसके स्रोतों की गहन जांच कर रही है.


