नवादा: जिले के रजौली थाना क्षेत्र के सुदूरवर्ती सवैयाटांड़ पंचायत के चटकरी गांव स्थित शारदा अभ्रक माइंस पर वन विभाग ने गुरुवार की देर रात अवैध खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. टीम ने मौके से उजले पत्थरों से लदे एक ट्रैक्टर को जब्त कर लिया और चालक सह मालिक को गिरफ्तार किया है. बताया गया है कि यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई.

छापेमारी के दौरान पकड़े गए ट्रैक्टर पर बड़े- बड़े पत्थर लदे थे. गिरफ्तार युवक की पहचान झारखंड के कोडरमा जिले के डोमचांच थाना क्षेत्र के जोरा सिमर गांव निवासी चतलाल सिंह के पुत्र आशीष सिंह के रूप में हुई है. जांच में पता चला है कि वह अब तक 12 बार अवैध ढुलाई कर चुका था और यह 13वीं बार थी जब वह पत्थर लेकर जा रहा था. इस बार वन विभाग की टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया. उसने पूछताछ में बताया कि उसने ट्रैक्टर को असली मालिक से ढाई लाख रुपये में एग्रीमेंट पर लिया था और लगातार शारदा माइंस से पत्थर की ढुलाई कर रहा था.
रेंजर नारायण लाल सेवक ने बताया कि शारदा अभ्रक माइंस में अवैध खनन की गुप्त सूचना मिली थी. सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए फॉरेस्टर आदेश कुमार और पीयूष कुमार के नेतृत्व में वनरक्षी रंजन कुमार, मनोज साव, नीतीश कुमार और रवि कुमार की टीम गठित की गई. टीम ने मौके पर छापेमारी कर ट्रैक्टर जब्त किया और चालक को हिरासत में लिया. वन विभाग ने आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.
सूत्रों के अनुसार, सवैयाटांड़ पंचायत के कई अन्य अभ्रक माइंसों में भी अवैध ब्लास्टिंग और खनन लगातार जारी है. ठेकेदार मजदूरों से बेहद कम मजदूरी पर अभ्रक चुनवाते हैं और बाजार में उसे ऊंचे दामों पर बेचकर मोटा मुनाफा कमाते हैं. वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि अब अवैध खनन माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. इस छापेमारी के बाद खनन माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है.

