मधेपुरा/ Arzoo Bakhsh बिहार के मधेपुरा से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है. जहां शंकरपुर थाना क्षेत्र के रामपुर लाही पंचायत के वार्ड संख्या 05 में एक सनकी बेटे ने अपने ही पिता को पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने की कोशिश की. गनीमत रही कि समय रहते ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर बुजुर्ग को बचा लिया.

घटना के संबंध में बताया गया कि गोविंद राम के सबसे छोटे बेटे मितन कुमार का घरेलू विवाद को लेकर परिवार से झगड़ा हो गया था. गुस्से में मितन पास की दुकान से पेट्रोल खरीद लाया और अपने पिता पर छिड़क दिया. इसके बाद उसने माचिस जलाकर आग भी लगा दी.
शोरगुल सुनकर आसपास के लोग दौड़े और किसी तरह आग पर काबू पाया. हालांकि तब तक गोविंद राम झुलस चुके थे. उनके बेटे मितन कुमार के हाथ भी हल्के रूप से झुलस गए. घायल गोविंद राम को प्राथमिक इलाज के लिए शंकरपुर पीएचसी में भर्ती कराया गया है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि मितन कुमार नशे का आदी है और अक्सर घर में विवाद करता रहता है. शनिवार को भी वह नशे में था और इसी दौरान उसने यह खौफनाक कदम उठा लिया.
घटना की जानकारी मिलते ही डायल 112 पर सूचना दी गई. पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची और आरोपी मितन कुमार को गिरफ्तार कर शंकरपुर थाना ले आई. पूछताछ में आरोपी ने कहा कि वह खुद को जलाने के लिए पेट्रोल लाया था, लेकिन छीना-झपटी में पेट्रोल पिता पर गिर गया.
शंकरपुर थानाध्यक्ष रौशन कुमार ने बताया कि घायल बुजुर्ग को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. आरोपी को हिरासत में लिया गया है और पीड़ित पक्ष से लिखित शिकायत मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

