किशनगंज: जिले में संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक की मौत का मामला सामने आया है. घटना के बाद पूरे परिवार में कोहराम मच गया है. मृतक की पहचान 40 वर्षीय अशोक कुमार पिता भगवान साह निवासी शालू चौक पौआखाली के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार गुरुवार शाम अशोक का दोस्त अकिल घर पहुंचा था और उसके साथ ही अशोक घर से निकला था. कुछ देर बाद परिजनों को फोन कॉल आया जिसमें बताया गया कि अशोक का मीर भिट्ठा के पास एक्सिडेंट हो गया है. जब परिवार के लोग मौके पर पहुंचे तो अशोक मृत अवस्था में पाया गया.

मृतक के भाई अजय कुमार ने आरोप लगाया है कि यह दुर्घटना नहीं बल्कि हत्या है और इसकी गहन जांच होनी चाहिए. पोस्टमार्टम के लिए शव को सदर अस्पताल लाया गया जहां परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. मृतक की पत्नी ने भी दावा किया कि अशोक अकील के साथ जाना नहीं चाहता था, लेकिन उसे जबरन बहादुरगंज ले जाया गया और बाद में उसकी मौत की सूचना मिली.
थाना अध्यक्ष अंकित सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी बिंदुओं पर जांच जारी है. उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट हो पाएगा.

