कटिहार/ Arzoo Bakhsh बिहार के कटिहार जिले से मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है. जहां फलका थाना क्षेत्र के रहटा पंचायत अंतर्गत भोकू आदिवासी टोला गांव में ग्रामीणों ने प्रेमी युगल को तालिबानी सजा दी.

अवैध संबंध के आरोप में गांव के शकील और सुनीता को ग्रामीणों ने पकड़कर पहले सिर मुंडवाया, फिर चेहरे पर कालिख पोत दी और पूरे गांव में घुमाया. इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने इसका वीडियो भी बनाया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. घटना की जानकारी मिलने पर फलका थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और प्रेमी युगल को ग्रामीणों के चुंगल से मुक्त कराया. दोनों को थाने लाकर पूछताछ की जा रही है. घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है. स्थानीय पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है.
इस मामले में कटिहार के पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी ने कहा कि किसी को भी कानून हाथ में लेने की इजाजत नहीं है. उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ मामला दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पूरे गांव में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है ताकि हालात बिगड़ने न पाए. पुलिस ने प्रेमी युगल का बयान दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

