कटिहार: जिले के फलका प्रखंड अंतर्गत कमलसिया गांव में हुए भीषण अग्निकांड से प्रभावित परिवारों के लिए मंगलवार को राहत की बड़ी पहल की गई. पूर्णिया सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव के निर्देश पर सांसद प्रतिनिधि नैयर मसूद खान के नेतृत्व में अग्नि पीड़ित परिवारों के बीच राशन, सूखा नाश्ता, कंबल, साड़ी, लूंगी सहित अन्य आवश्यक राहत सामग्री का वितरण किया गया.

बताया जा रहा है कि सोमवार को कमलसिया गांव में अचानक लगी आग से कुल 14 घर पूरी तरह जलकर राख हो गए थे. इस अग्निकांड में पीड़ित परिवारों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ, वहीं कई परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गए थे.

राहत वितरण के दौरान सांसद प्रतिनिधि नैयर मसूद खान ने कहा कि सांसद पप्पू यादव के निर्देश पर अग्नि पीड़ितों तक त्वरित सहायता पहुंचाई जा रही है. उन्होंने कहा कि यह मदद केवल शुरुआत है और आगे भी पीड़ित परिवारों को हर संभव सहयोग दिया जाएगा, ताकि वे दोबारा अपना जीवन सामान्य कर सकें.
इस मौके पर सांसद प्रतिनिधि मो. तफसिल अहमद, अशोक पोद्दार, शशि यादव, अनिल शाह, मो. ऐनूल, फलका प्रमुख दीपशिखा, मुखिया प्रतिनिधि संजय झा, जिला परिषद प्रतिनिधि मनोज मंडल सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और बुद्धिजीवी मौजूद रहे. सभी ने अग्नि पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया.
राहत सामग्री मिलने पर अग्नि पीड़ित परिवारों ने सांसद पप्पू यादव और उनके प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि इस कठिन समय में मिली सहायता से उन्हें नई उम्मीद मिली है.

