कटिहार: बिहार के कटिहार से बड़ी खबर आ रही है. जहां कोढ़ा थाना क्षेत्र के बेलाल चौक के पास एक खाली ट्रैक्टर मखाना के पानी भरे खेत में पलट गया. इस हादसे में ट्रैक्टर चालक 45 वर्षीय हरदेव ऋषि और 35 वर्षीय मजदूर कारे ऋषि की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 30 वर्षीय झबरू ऋषि किसी तरह जान बचाने में सफल रहा.

बताया जा रहा है कि तीनों मजदूर मेहनथपुर पंचायत के महेशवा गांव के रहने वाले थे और जन वितरण प्रणाली की दुकान पर अनाज पहुंचाकर लौट रहे थे. लौटते वक्त ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया और वह खेत में पलट गया. पानी में दबने से दोनों की दम घुटने से मौत हो गई. उधर घटना की सूचना मिलते ही कोढ़ा थाना अध्यक्ष सुजीत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. हादसे के बाद गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है. ग्रामीण मृतकों के परिवार को मुआवजा देने की भी मांग कर रहे हैं.

