समस्तीपुर: जिले के कल्याणपुर प्रखंड में बागमती नदी ने एक बार फिर रौद्र रूप धारण कर लिया है. नदी के बढ़ते जलस्तर के कारण कई निचले इलाकों में बाढ़ का पानी घरों और खेतों तक पहुंच गया है. प्रशासन ने पूरे क्षेत्र को अलर्ट पर रखा है, वहीं ग्रामीण दहशत में हैं और कई लोग सुरक्षित स्थानों की ओर पलायन कर रहे हैं.

जानकारी के अनुसार, बागमती नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से कल्याणपुर प्रखंड के कनौजर, नामापुर, तिरा खरसंड पश्चिमी, खरसंड पूर्वी, बरहेता, बेलसंडी और सोरमार पंचायत सहित आधा दर्जन से अधिक इलाकों में पानी घुस चुका है. गंगौरा, जटमलपुर, मोड़वारा, मलकोली, कमरगाम, दरियापार, बघला, अकोना, बड़ी सलहा और छोटी सलहा गांव के कई घर पानी में डूब गए हैं. खेतों में लगी धान और हरी सब्जियों की फसलें पूरी तरह जलमग्न हो चुकी हैं, जिससे किसान गहरी चिंता में हैं.

स्थानीय प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और प्रभावित गांवों में सतर्कता बरतने की अपील की गई है. कई निचले इलाकों के लोगों को बाढ़ के कारण घर छोड़कर ऊंचे और सुरक्षित स्थलों पर शरण लेनी पड़ रही है.

गौरतलब है कि बिहार में विधानसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है, ऐसे में कल्याणपुर प्रखंड के कई मतदान केंद्रों तक बाढ़ का पानी पहुंच चुका है. अब देखना यह है कि प्रशासन और सरकार इस स्थिति से निपटने के लिए क्या ठोस कदम उठाते हैं.


