पटना/ Arzoo Bakhsh बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और राजद नेता तेजस्वी यादव को निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, पटना की ओर से एक पत्र भेजा गया है. यह पत्र तेजस्वी यादव द्वारा 2 अगस्त 2025 को आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में दिए गए उस बयान से संबंधित है, जिसमें उन्होंने EPIC कार्ड (मतदाता पहचान पत्र) से जुड़ा एक मामला सार्वजनिक किया था.

पदाधिकारी द्वारा जारी पत्र में लिखा गया है कि उस दिन की प्रेस कॉन्फ्रेंस में उल्लिखित EPIC कार्ड के विवरण को लेकर गहन जांच के उद्देश्य से संबंधित दस्तावेज़ और कार्ड की प्रति मांगी गई थी, लेकिन अभी तक तेजस्वी यादव के स्तर से कोई जानकारी या प्रमाण उपलब्ध नहीं कराया गया है.
पत्र में यह भी स्पष्ट रूप से उल्लेख किया गया है कि यदि 8 अगस्त 2025 की अपराह्न तक मांगी गई जानकारी उपलब्ध नहीं कराई जाती है, तो आवश्यक कार्रवाई के लिए इसे रिकॉर्ड में दर्ज करते हुए जांच की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा. निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी ने तेजस्वी यादव से आग्रह किया है कि वे तय समय- सीमा के भीतर आवश्यक दस्तावेज़ उपलब्ध कराएं ताकि EPIC कार्ड संबंधी मामलों में पारदर्शिता और कानूनी प्रक्रिया को उचित रूप से सुनिश्चित किया जा सके.

