समस्तीपुर: विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर समस्तीपुर जिले में तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं. जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीएम रौशन कुशवाहा ने शुक्रवार को समाहरणालय सभाकक्ष में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में नामांकन से लेकर मतगणना तक की विस्तृत जानकारी साझा की.

डीएम ने बताया कि जिले की सभी 10 विधानसभा सीटों के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. नामांकन सुबह 10:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक (छुट्टी के दिनों को छोड़कर) की जाएगी. नामांकन की अंतिम तिथि 17 अक्टूबर दोपहर 3:00 बजे तक, नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी 18 अक्टूबर से और नाम वापसी की अंतिम तिथि 20 अक्टूबर निर्धारित की गई है.
उन्होंने बताया कि जिले की सभी 10 विधानसभा सीटों के लिए नामांकन स्थल और रिटर्निंग ऑफिसर (RO) निर्धारित किए गए हैं. नामांकन स्थल अनुमंडल पदाधिकारियों और भूमि सुधार उप समाहर्ता के कार्यालयों में बनाए गए हैं.
ईवीएम डिस्पैच एवं प्राप्ति स्थल के रूप में समस्तीपुर कॉलेज को निर्धारित किया गया है. मतदान कर्मियों के लिए अलग-अलग डिस्पैच सेंटर तय किए गए हैं जिनमें आर.बी. कॉलेज दलसिंहसराय, गुलाब राय यमुना उच्च विद्यालय पटोरी, केदार संत रघुवंश महाविद्यालय रोसड़ा और बीआरबी कॉलेज रोसड़ा शामिल हैं.
डीएम कुशवाहा ने बताया कि सभी 10 विधानसभा क्षेत्रों की मतगणना समस्तीपुर कॉलेज में होगी, जिसकी शुरुआत सुबह 8:00 बजे से की जाएगी. उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन पूरी तरह से सुरक्षा और निष्पक्ष मतदान के लिए तैयार है. मतगणना स्थल और आसपास के इलाकों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं.
दिव्यांगजन (PwD) मतदाताओं के लिए विशेष वोटिंग सुविधा की व्यवस्था की गई है. साथ ही सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल लगातार निगरानी कर रहा है ताकि किसी भी अफवाह या गलत जानकारी पर तुरंत कार्रवाई की जा सके. डीएम ने मीडिया कर्मियों और आम जनता से अपील की कि वे चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करें और शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष चुनाव कराने में प्रशासन को सहयोग दें.

