पटना: बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर महागठबंधन ने आज बड़ी घोषणा की. राजधानी पटना के होटल मौर्य में आयोजित साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस में तेजस्वी यादव को औपचारिक रूप से मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया गया. इस दौरान गठबंधन के घटक दलों ने सीट बंटवारे का खाका भी पेश किया और दावा किया कि वे एकजुट होकर बिहार में बदलाव की लड़ाई लड़ेंगे.

हालांकि दूसरी ओर कांग्रेस के भीतर असंतोष और उबाल देखने को मिला. टिकट वितरण में उपेक्षा से नाराज़ कई पूर्व विधायक और वरिष्ठ कार्यकर्ता पटना स्थित सदाकत आश्रम में आमरण अनशन पर बैठ गए. प्रदर्शनकारियों ने कांग्रेस के बिहार प्रभारी कृष्णा अल्लावरु पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि टिकट बंटवारे में पैसे का खेल हुआ है.
अनशन पर बैठे नेताओं के हाथों में ‘टिकट चोर बिहार छोड़’ जैसी तख्तियां देखी गईं. वहीं कांग्रेस प्रवक्ता माधव आनंद ने बयान दिया कि बिहार कांग्रेस में व्याप्त अव्यवस्था की जिम्मेदारी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व और प्रभारी दोनों को लेनी चाहिए.
एक तरफ जहां महागठबंधन एकता और मजबूत संदेश देने में जुटा है, वहीं कांग्रेस की अंदरूनी कलह ने इस एकजुटता पर सवाल खड़े कर दिए हैं. सियासी तौर पर यह बगावत गठबंधन के लिए मुश्किलें बढ़ा सकती है.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
