पटना: भोजपुरी फिल्मों के सुपरस्टार खेसारी लाल यादव गुरुवार को आधिकारिक रूप से राष्ट्रीय जनता दल (राजद) में शामिल हो गए. तेजस्वी यादव ने खेसारी लाल यादव और उनकी पत्नी चंदा देवी को पार्टी की सदस्यता दिलाई. यह शामिल होना बिहार की राजनीति में एक बड़ा मोड़ माना जा रहा है.

पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के 10 सर्कुलर रोड स्थित आवास पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में तेजस्वी यादव ने खेसारी लाल यादव का स्वागत किया. इस मौके पर खेसारी ने कहा कि उन्हें बड़े भाई का आशीर्वाद मिला है और वे हमेशा से इस परिवार का हिस्सा रहे हैं. उन्होंने कहा कि वह बिहार के बच्चों को वही सुविधाएं देना चाहते हैं जो वे मुंबई में अपने बच्चों को दे रहे हैं. उनका सपना है कि बिहार के बच्चे बेहतर शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं पाएं और उन्हें पलायन न करना पड़े.
खेसारी ने कहा कि अब वक्त आ गया है बिहार में बदलाव लाने का. उन्होंने कहा कि वे सत्ता नहीं बल्कि सेवा के लिए राजनीति में आए हैं. बिहार को नई दिशा देने के लिए उन्होंने राजद के साथ जुड़ने का फैसला किया है.

वहीं तेजस्वी यादव ने कहा कि यह सिर्फ सरकार बदलने की बात नहीं बल्कि बिहार को नया बनाने की बात है. उन्होंने कहा कि बिहार को पढ़ाई, दवाई, कमाई और सिंचाई देने वाली सरकार चाहिए. तेजस्वी ने कहा कि खेसारी जैसे युवाओं के जुड़ने से बदलाव की ताकत और बढ़ेगी.
तेजस्वी ने कहा कि जो वादा किया है वह निभाया जाएगा. सरकार बनने के 20 दिन के अंदर यह सुनिश्चित किया जाएगा कि जिन परिवारों में कोई सरकारी नौकरी नहीं है, उन्हें एक सरकारी नौकरी दी जाए.
चुनाव लड़ने के सवाल पर खेसारी ने मुस्कुराते हुए कहा कि चाहे चुनाव वह लड़ें या उनकी पत्नी, फर्क नहीं पड़ता, मकसद एक ही है- जनता की सेवा करना.

