पटना/ Arzoo Bakhsh बिहार की राजनीति को लेकर बड़ा बयान सामने आया है. केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने कहा है कि बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) एक ऐतिहासिक जीत की ओर अग्रसर है.

उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि इस बार बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए गठबंधन 125 से ज्यादा सीटों पर जीत हासिल करेगा और फिर से सरकार बनाएगा. चिराग पासवान ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर भरोसा जताते हुए कहा कि उन्हें बिहार की जनता ने उनके काम के आधार पर ‘सुशासन बापू’ का नाम दिया है. उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने वर्षों तक बिहार के विकास के लिए जो कार्य किए हैं, जनता उन्हें भूली नहीं है. उन्होंने कहा कि बिहार की जनता को एक स्थिर, विकासशील और जनहितैषी सरकार चाहिए, और यह केवल एनडीए ही दे सकता है. चिराग ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जोड़ी बिहार को आगे ले जाने के लिए प्रतिबद्ध है. चिराग पासवान ने यह भी कहा कि विपक्षी दल मुद्दाविहीन हैं और केवल भ्रम की राजनीति कर रहे हैं. उन्होंने जनता से अपील की कि इस बार फिर से एनडीए को जनादेश दें ताकि बिहार में विकास और स्थिरता की गति को और गति दी जा सके.

