बेतिया: जिले के पारस पकड़ी- सरिसवा मुख्य मार्ग पर चलाए गए सघन वाहन चेकिंग अभियान के दौरान मझौलिया पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 12 किलो चरस के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया. एसडीपीओ विवेक दीप ने बताया कि गश्ती टीम सरिसवा- पारस पकड़ी रोड पर नियमित जांच कर रही थी, तभी पुलिस की नजर एक व्यक्ति पर पड़ी जो पीठ पर बैग लेकर तेज़ी से गुजर रहा था. पुलिस वाहन को देखते ही वह घबराकर भागने लगा, जिससे उसके ऊपर संदेह और गहरा गया.

पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसका पीछा किया और कुछ दूरी पर खदेड़कर पकड़ लिया. तलाशी में उसके बैग से 12 किलो उच्च गुणवत्ता वाला चरस बरामद हुआ, जिसकी कीमत लाखों में बताई जा रही है. पकड़े गए आरोपी की पहचान नेपाल के पोखरिया थाना क्षेत्र के भिसवा निवासी जयप्रकाश साह, पिता स्व. जटाशंकर साह, के रूप में हुई है.
आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसका ससुराल मझौलिया के सरिसवा गांव में पन्नालाल साह के यहां है और वह इसी मार्ग का इस्तेमाल कर लंबे समय से मादक पदार्थों की तस्करी कर रहा था. प्रारंभिक पूछताछ में उसने अपने नेटवर्क से जुड़े कई अहम सुराग भी दिए हैं, जिसके आधार पर पुलिस आगे की जांच में जुटी है.
पुलिस ने चरस को जब्त कर लिया है और आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. इस कार्रवाई को नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है और पुलिस पूरे नेटवर्क को पकड़ने के लिए अभियान तेज कर चुकी है.

