दरभंगा: जिला के जाले प्रखंड स्थित रतनपुर गांव की प्रतिभाशाली बालिका आराध्या ठाकुर ने एक बार फिर अपने क्षेत्र का नाम रोशन किया है.

समाजसेवी केशव ठाकुर की पुत्री आराध्या का चयन केंद्र सरकार द्वारा आयोजित केंद्रीय विद्यालय संगठन के स्थापना दिवस पर होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए किया गया है. इस राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम में आराध्या भरतनाट्यम नृत्य की प्रस्तुति देंगी.

कार्यक्रम में भारत सरकार के शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान भी शामिल होंगे, जिससे इस आयोजन का महत्व और अधिक बढ़ गया है. पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय सेक्टर-2, रामकृष्ण पुरम, दिल्ली द्वारा पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय सेक्टर-25, रोहिणी, दिल्ली के प्राचार्य सरोज कुमार राय को भेजे गए अधिकृत पत्र में यह जानकारी दी गई है. पत्र में उल्लेख किया गया है कि चयनित छात्र- छात्राओं को स्थापना दिवस के अवसर पर होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए विशेष अभ्यास सत्र में शामिल किया जाएगा.
आराध्या ठाकुर इस समय पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय सेक्टर-25, रोहिणी में कक्षा 7 की छात्रा हैं. अपनी मेहनत और लगन के दम पर वह अब दिल्ली में होने वाले इस प्रतिष्ठित कार्यक्रम का हिस्सा बनने जा रही हैं. आराध्या की इस सफलता से उनके परिवार, विद्यालय और रतनपुर गांव में खुशी का माहौल है. जाले प्रखंड सहित पूरे दरभंगा जिले के लोगों ने उनकी उपलब्धि पर गर्व व्यक्त किया है.

