पटना: जिले के आईआईटी अम्हारा थाना क्षेत्र अंतर्गत सिकरिया गांव के पास 31 दिसंबर को हुई युवक की हत्या के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है.

इस मामले में मृतक युवक अमित कुमार शाह की हत्या उसके ही दोस्त ने एक्सीडेंटल बीमा की रकम हड़पने के लिए की थी.
पटना पश्चिम सिटी एसपी भानु प्रताप सिंह ने सोमवार को प्रेस वार्ता में बताया कि हत्या के मामले में मृतक के दोस्त सतीश कुमार और उसकी महिला सहयोगी दुर्गा देवी को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस जांच में सामने आया कि सतीश कुमार मृतक अमित कुमार शाह के एक्सीडेंटल बीमा का नॉमिनी था.
एसपी ने बताया कि बीमा की रकम हासिल करने के इरादे से सतीश कुमार ने पूरी साजिश रची और अपने महिला सहयोगी दुर्गा देवी के साथ मिलकर अमित कुमार शाह की ईंट- पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी. हत्या के बाद इसे हादसा दिखाने की कोशिश की गई, लेकिन पुलिस की गहन जांच में साजिश का पर्दाफाश हो गया.
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. एसपी ने कहा कि मामले में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और अपराधियों को कड़ी सजा दिलाने के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है.

