वैशाली: बिहार के वैशाली जिले से में आपसी रंजिश में एक मुर्गा दुकानदार की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. हत्या की घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया और आक्रोशित लोगों ने मुजफ्फरपुर- हाजीपुर एनएच 22 को जाम कर दिया.

घटना गोरौल थाना क्षेत्र के भटौलिया चौक के पास की बताई जा रही है. जानकारी के अनुसार, गोरौल- बेलसर पथ पर स्थित एक मुर्गा दुकान के कर्मचारी को चार युवकों ने चाकू से गोदकर गंभीर रूप से घायल कर दिया. आनन-फानन में उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई.

घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन मौके पर पहुंचे, जिसके बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. गुस्साए लोगों ने शव को सड़क पर रखकर आगजनी की और एनएच 22 को गोरौल चौक के पास पूरी तरह से जाम कर दिया. इससे राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया.
मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में करने का प्रयास शुरू कर दिया है. फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.

