पटना: जिले के बाढ़ अनुमंडल में पुलिस ने दो अलग- अलग मामलों में दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है. पंडारक में एटीएम फ्रॉड और मरांची में बंद घर में चोरी के मामलों में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो लोगों को पकड़ा है.

पंडारक थाना अंतर्गत ममरखाबाद में एक युवक पप्पू कुमार के साथ एटीएम फ्रॉड की घटना हुई थी. पुलिस ने बेगूसराय निवासी पिंकू पोद्दार को पीएनबी एटीएम के पास से गिरफ्तार कर लिया. उसके पास से कई बैंकों के एटीएम कार्ड भी बरामद किए गए हैं. वहीं मोकामा में 29 मई को एक बंद घर में चोरी और मरांची में 28 और 30 जून को दो बंद घरों में चोरी के मामलों का पुलिस ने सफल उद्भेदन किया है. पुलिस ने इस मामले में मोकामा के मिक्की कुमार को गिरफ्तार किया है, जो चोरी के एक दर्जन से भी अधिक मामलों में शामिल रहा था. उसके पास से चोरी का कुछ सामान भी मिला है. पुलिस ने दोनों मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए जांच टीम बनाई थी. पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए आरोपियों को पकड़ लिया. अब पुलिस चोरी के सामानों की बरामदगी के प्रयास में जुटी है और अन्य साथियों की तलाश कर रही है.

