छपरा: मढ़ौरा विधानसभा क्षेत्र की लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) प्रत्याशी सीमा सिंह शनिवार को छपरा पहुंचीं. उन्होंने मिर्जापुर वाजिद भोरहा में हाल ही में हुए गैस सिलेंडर ब्लास्ट की घटना के पीड़ितों और उनके परिजनों से मुलाकात की. सीमा सिंह ने पीड़ित परिवारों को ढांढस बंधाते हुए हरसंभव मदद का आश्वासन दिया.

पीड़ितों से मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में सीमा सिंह ने कहा कि उनके नामांकन रद्द होने की जानकारी मिली है, लेकिन उन्हें निर्वाचन आयोग, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर पूरा भरोसा है. उन्होंने कहा कि “जो होगा, अच्छा ही होगा.” सीमा सिंह ने स्पष्ट किया कि वे मढ़ौरा से कहीं जाने वाली नहीं हैं और जनता के बीच रहकर उनके सुख-दुख में हमेशा शामिल रहेंगी.
उन्होंने कहा कि जनता का स्नेह और आशीर्वाद ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है. उन्होंने प्रशासन से गैस सिलेंडर ब्लास्ट की घटना में पीड़ित परिवारों को शीघ्र मुआवजा और सहायता प्रदान करने की मांग की. स्थानीय लोगों ने सीमा सिंह के इस दौरे को मानवीय पहल करार दिया और कहा कि इस घटना में पीड़ित परिवारों के साथ खड़े होने की जरूरत है.

