छपरा/ Arzoo Bakhsh मुफ्फसिल थाना अंतर्गत साढ़ा ढाला ओवरब्रिज पर बड़ा सड़क हादसा हो गया जब एक फूड वैन अचानक आग की चपेट में आ गई. गनीमत रही कि इस हादसे में कोई भी व्यक्ति घायल नहीं हुआ, लेकिन पूरी वैन धू- धूकर जलकर खाक हो गई. घटना से सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और दोनों ओर गाड़ियों की लंबी कतार लग गई.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वैन पुल पर गुजर रही थी तभी अचानक उसमें चिंगारी उठी और देखते ही देखते आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया. सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना और टाउन थाना की पुलिस मौके पर पहुंची तथा वाहनों को रोक कर स्थिति संभाली.
घटना की गंभीरता को देखते हुए तीन फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. पुलिस ने बताया कि यह फूड प्रोडक्ट बेचने वाली गाड़ी थी जिसमें चाऊमीन और अन्य सामान बनाया जाता था. फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है. मुफस्सिल थाना प्रभारी रंजीत कुमार ने बताया कि आग पूरी तरह से बुझा दी गई है और वैन को पुल से हटा दिया गया है.

