बक्सर: बिहार के बक्सर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चौसा- मोहनिया स्टेट हाइवे पर रोहिणी भान के समीप एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसा दो मोटरसाइकिलों की आमने- सामने टक्कर से हुआ, जिससे पूरे इलाके में अफरा- तफरी मच गई और मौके पर चीख- पुकार सुनाई देने लगी.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रोहिणी भान के पास एक बस को ओवरटेक करने के दौरान दोनों मोटरसाइकिलें आपस में टकरा गईं. एक बाइक पर तीन युवक सवार थे, जबकि दूसरी बाइक पर दो युवक सवार थे. टक्कर इतनी भीषण थी कि दो युवक करीब 15 फीट तक उछलकर सड़क पर गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक ने अस्पताल ले जाने के दौरान दम तोड़ दिया.
दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से एम्बुलेंस के जरिए घायलों और मृतकों को बक्सर सदर अस्पताल पहुंचाया गया. अस्पताल में डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि दो अन्य युवकों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया गया.
मृतकों में एक की पहचान सूर्यदेव कुमार, पिता सुभाष पहलवान, निवासी बनारपुर के रूप में हुई है. वह पटना में रहकर पढ़ाई कर रहा था और फरवरी महीने में उसकी शादी होने वाली थी. असमय मौत से परिवार और गांव में मातम पसरा हुआ है. वहीं घायलों की पहचान रितेश सिंह, पिता वंशी सिंह, और रूपेश सिंह, पिता नंदकिशोर सिंह, दोनों निवासी बनारपुर के रूप में हुई है. दोनों अपाचे मोटरसाइकिल पर सवार होकर मोहनिया की ओर जा रहे थे.
राजपुर थाना प्रभारी निवास कुमार ने बताया कि इस सड़क दुर्घटना में तीन युवकों की मौत हुई है, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हैं. दो मृतकों की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है. हालांकि सूत्रों के अनुसार, दोनों मृत युवक कैमूर जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र के चंडेश गांव के निवासी बताए जा रहे हैं. पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और मृतकों की पहचान के प्रयास जारी हैं.

