बांका/ Pankaj Kumar Thakur जिले के चांदन थाना क्षेत्र के सिलजोरी पंचायत के बियाही गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. जहां पारिवारिक कलह से तंग आकर 23 वर्षीय एक महिला ने अपने दो बच्चों के साथ गांव स्थित एक कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली.

मृतक महिला की पहचान सुजिता देवी (23 वर्ष) पत्नी चंदन यादव के रूप में हुई है, जबकि उनके दो बच्चों की पहचान शिवम कुमार (5 वर्ष) और भवानी कुमारी (15 माह) के रूप में हुई है. घटना की जानकारी मिलते ही चांदन थानाध्यक्ष विष्णुदेव कुमार और अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और शवों को बाहर निकालने के लिए प्रयास किया. कुएं में पानी अधिक होने के कारण शवों को बाहर निकालने में परेशानी हो रही थी. स्थानीय गोताखोर युवक की मदद से शवों को बाहर निकाला गया.
घटना का कारण.
घटना के कारणों का पता अभी तक नहीं चल पाया है, लेकिन लोगों का कहना है कि अवैध संबंध को लेकर उपजे विवाद के कारण यह घटना हुई है. मृतक महिला के पिता कुलदीप यादव ने बताया कि उनकी बेटी की शादी 2019 में चंदन यादव के साथ हुई थी और दोनों बच्चे साथ में रह रहे थे. चांदन थाना पुलिस ने तीनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बांका भेज दिया है. थानाध्यक्ष विष्णुदेव कुमार ने बताया कि मामला दर्ज कर सभी एंगल्स से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद सही कारणों का पता लगेगा.


