मुजफ्फरपुर: वोटर लिस्ट के पुनरीक्षण पर रोक लगाने की मांग को लेकर इंडिया गठबंधन द्वारा बुलाए गए बिहार बंद का असर मुजफ्फरपुर में भी दिखने लगा है. बुधवार की सुबह राजद कार्यकर्ताओं ने जीरो माइल चौक को जाम कर दिया. मुजफ्फरपुर- सीतामढ़ी और दरभंगा मार्ग पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया.

कार्यकर्ता सड़कों पर टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं और केंद्र तथा बिहार सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर रहे हैं. चक्का जाम के कारण सड़कों पर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे लोगों को सुबह के समय आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. बंद के दौरान मात्र एक पुलिसकर्मी मौके पर नजर आया. राजद नेता चंदन यादव ने बताया कि मतदाता पुनरीक्षण पर रोक लगाने के लिए महागठबंधन के बिहार बंद के आह्वान पर आज मुजफ्फरपुर में चक्का जाम किया गया है. बताया जा रहा है कि इस बिहार बंद में राष्ट्रीय जनता दल, कांग्रेस पार्टी और वाम दल मुख्य रूप से शामिल हैं. वामपंथी दलों से जुड़ी मजदूर यूनियनों ने भी अपनी मांगों के समर्थन में चक्का जाम आंदोलन का आह्वान किया है.

