बगहा: खबर बिहार के बगहा प्रखंड से है. जहां बसवरिया पंचायत के पड़री गांव में अचानक आग लगने की घटना में सैकड़ों घर जलकर राख हो गए हैं. बताया गया कि तेज हवा की वजह से आग तेजी से फैल गई और देखते ही देखते पूरे गांव में तबाही मच गई. आग लगते ही पूरे इलाके में अफरा- तफरी मच गई.

स्थानीय लोग, पुलिस अधिकारी और जनप्रतिनिधि तुरंत मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास करने लगे. अग्निशमन दल ने घटनास्थल पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. साथ ही, मेडिकल टीम घायलों का इलाज कर रही है और राहत कार्य जारी है. बसवरिया पंचायत के मुखिया रौशन कुमार तिवारी ने बताया कि लगभग सैकड़ों घर आग की भेंट चढ़ गए हैं. प्रभावितों की क्षति का सही आंकलन अभी किया जा रहा है. क्षेत्र संख्या 06 के जिलापरिषद प्रतिनिधि सोनु यादव ने बताया कि इस गंभीर घटना की सूचना जिला प्रशासन और अन्य संबंधित अधिकारियों को दे दी गई है. क्षतिपूर्ति के लिए मूल्यांकन कार्य तेजी से चल रहा है ताकि पीड़ितों को जल्द से जल्द मदद पहुंचाई जा सके.

