बिहार: पश्चिम चंपारण जिले के बगहा से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है. नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 23 अंतर्गत बुधवारी टोला में झूला झूलने के दौरान 12 वर्षीय बालिका गंभीर रूप से घायल हो गई.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्थानीय निवासी कल्लू बासफोर की 12 वर्षीय पुत्री रस्सी के सहारे झूला झूल रही थी. इसी दौरान अचानक झूले की रस्सी बच्ची के गले में फंस गई, जिससे उसका गला बुरी तरह कट गया. देखते ही देखते बच्ची झूले में फंस गई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई. घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद बच्ची को झूले से बाहर निकाला और गंभीर हालत में बगहा अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया. अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक बी.एन. सिंह ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन इलाज के दौरान बच्ची की हालत लगातार बिगड़ती चली गई.
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डॉक्टरों ने बच्ची को बेहतर इलाज के लिए जीएमसीएच बेतिया रेफर कर दिया. अनुमंडल चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. बी.एन. सिंह ने बताया कि घायल बालिका की पहचान माधुरी कुमारी के रूप में हुई है. फिलहाल बेतिया जीएमसीएच में उसका इलाज जारी है, जहां उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है. इस दर्दनाक हादसे के बाद परिजनों का रो- रोकर बुरा हाल है. घटना ने एक बार फिर बच्चों की सुरक्षा और घरेलू खेल उपकरणों को लेकर सतर्कता की जरूरत पर सवाल खड़े कर दिए हैं.

