पटना: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए चुनावी प्रक्रिया आधिकारिक रूप से शुरू हो गई है. चुनाव आयोग ने सोमवार को राज्य में विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा कर दी. इस बार चुनाव दो चरणों में संपन्न होंगे. पहले चरण का मतदान 6 नवंबर को और दूसरे चरण का मतदान 11 नवंबर को होगा. मतगणना 14 नवंबर को की जाएगी. तारीखों की घोषणा के साथ ही राज्य में आचार संहिता लागू हो गई है.

चुनाव आयोग की जानकारी के अनुसार, इस बार बिहार विधानसभा की कुल 243 सीटों पर चुनाव होंगे, जिनमें 40 सीटें आरक्षित हैं — जिनमें से 38 अनुसूचित जाति (SC) और 2 अनुसूचित जनजाति (ST) के लिए आरक्षित रखी गई हैं. मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने बताया कि राज्य में कुल 7.43 करोड़ मतदाता हैं, जिनमें 14 लाख नए मतदाता पहली बार अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. इनमें 3.92 करोड़ पुरुष मतदाता और 3.50 करोड़ महिला मतदाता शामिल हैं. मतदान के लिए राज्य भर में 90,712 मतदान केंद्र स्थापित किए जाएंगे.
गौरतलब है कि पिछला बिहार विधानसभा चुनाव वर्ष 2020 में तीन चरणों में हुआ था. उस समय 28 अक्टूबर, 3 नवंबर और 7 नवंबर को मतदान हुआ था, जबकि मतगणना 10 नवंबर को की गई थी. सुरक्षा और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों को ध्यान में रखते हुए आयोग ने उस समय तीन चरणों में मतदान कराया था. इस बार आयोग ने दो चरणों में प्रक्रिया पूरी करने का निर्णय लिया है ताकि चुनाव शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
