छपरा: बिहार विधानसभा चुनाव के नामांकन प्रक्रिया में शुक्रवार को छपरा विधानसभा क्षेत्र पूरी तरह राजनीतिक रंग में रंग गया. एक ओर एनडीए प्रत्याशी छोटी कुमारी ने शांति और सादगी के साथ अपना नामांकन दाखिल किया, वहीं दूसरी ओर राजद प्रत्याशी और भोजपुरी सिने स्टार खेसारी लाल उर्फ शत्रुघ्न राय ने अपने समर्थकों के साथ जबरदस्त शक्ति प्रदर्शन किया.

खेसारी लाल के नामांकन जुलूस में हजारों की भीड़ उमड़ पड़ी. लोगों में अपने पसंदीदा अभिनेता और नेता की एक झलक पाने की होड़ लग गई. स्थिति उस समय नियंत्रण से बाहर हो गई जब उनका काफिला अनुमंडल कार्यालय के पास पहुंचा. उत्साहित समर्थकों ने बैरिकेडिंग तोड़ दी, जिससे मौके पर अफरातफरी मच गई.
भीड़ की इस भगदड़ में कई पत्रकारों के मोबाइल फोन, सोने की चेन और पर्स गायब होने की खबर है. मौके पर पहुंची पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद स्थिति को संभाला और भीड़ को नियंत्रित किया.
इधर एनडीए प्रत्याशी छोटी कुमारी का नामांकन पूरी सादगी और अनुशासन के साथ संपन्न हुआ. उन्होंने कहा कि “जनता शांति, विकास और स्थिरता चाहती है. हमारे गठबंधन का उद्देश्य सिर्फ बिहार को आगे ले जाना है.”
वहीं खेसारी लाल के समर्थकों ने दावा किया कि “जनता का जोश उनके अपार जनसमर्थन का सबूत है.” राजनीतिक पर्यवेक्षकों का मानना है कि छपरा सीट पर इस बार मुकाबला सिर्फ वोटों का नहीं, लोकप्रियता और व्यक्तित्व का भी है.

