गयाजी:वजीरगंज विधानसभा क्षेत्र से जन स्वराज पार्टी ने संतोष कुमार को अपना अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया है. इस अवसर पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में संतोष कुमार ने पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर सहित सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि जन स्वराज पार्टी जनता की आवाज़ को सशक्त बनाने और राजनीति में पारदर्शिता लाने के उद्देश्य से काम कर रही है.

संतोष कुमार ने कहा कि वजीरगंज विधानसभा क्षेत्र वर्षों से उपेक्षित रहा है. यहाँ की जनता आज भी सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसी बुनियादी सुविधाओं से वंचित है. उन्होंने आरोप लगाया कि अब तक जिन दलों ने यहाँ से प्रतिनिधित्व किया, उन्होंने केवल वादे किए लेकिन धरातल पर विकास नहीं हुआ. ब्लॉक स्तर पर फैले भ्रष्टाचार के कारण सरकारी योजनाओं का लाभ आम जनता तक नहीं पहुँच सका.
उन्होंने आगे कहा कि जन स्वराज पार्टी की नीतियाँ पारदर्शिता और जनसहभागिता पर आधारित हैं. वजीरगंज को एक आदर्श विधानसभा क्षेत्र बनाना हमारा लक्ष्य है जहाँ हर योजना का लाभ सीधे जनता तक पहुँचे. पंचायत से लेकर ब्लॉक और जिला स्तर तक भ्रष्टाचार को समाप्त करना हमारी पहली प्राथमिकता होगी.
संतोष कुमार ने कहा कि भाजपा शासन में वजीरगंज का विकास पिछड़ गया है. जिन परियोजनाओं का लाभ जनता तक पहुँचना चाहिए था, वे अधूरी रह गईं. अब जन स्वराज पार्टी जनता की ताकत से उस अधूरे विकास को पूरा करेगी. उन्होंने वजीरगंज की जनता से अपील की कि वे जात-पात और दलगत राजनीति से ऊपर उठकर सच्चे विकास के लिए जन स्वराज पार्टी को समर्थन दें, ताकि हर युवा, किसान और मजदूर गर्व से कह सके — “यह मेरा वजीरगंज है, जहाँ जन की बात सबसे ऊपर है.”

