मुंगेर: आगामी 6 नवंबर को होने वाले मुंगेर जिले के तीन विधानसभा क्षेत्र में चुनाव को लेकर जिला पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है. नामांकन प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही पुलिस ने चुनावी आचार संहिता और मतदाता प्रभावित करने के प्रयासों को रोकने के लिए विशेष वाहन चेकिंग अभियान तेज कर दिया है.

इस अभियान के तहत पिछले दो दिनों में जिले के दो विधानसभा क्षेत्रों में कुल 7,69,500 रुपये बरामद किए गए. मुंगेर विधानसभा क्षेत्र के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित किला के मुख्य द्वार पर कोतवाली पुलिस ने बेगूसराय जिले के पंचवीर निवासी युवक रघुनाथ कुमार के पास से 2,99,500 रुपये बरामद किए. पूछताछ में युवक ने बताया कि वह मुर्गी दाना का कारोबार करता है और मुंगेर से दाना का पैसा वसूल कर अपने घर ले जा रहा था.

कोतवाली थानाध्यक्ष ने बताया कि बरामद राशि की गिनती संबंधित मजिस्ट्रेट और राज्य कर संयुक्त आयुक्त वाणिज्य कर विभाग मुंगेर अंचल के समक्ष की गई और बाद में जांच टीम को सौंप दी गई.
इसी प्रकार, तारापुर विधानसभा क्षेत्र के असरगंज थाना क्षेत्र में सघन वाहन चेकिंग अभियान के दौरान शाहकंड मोड़ के पास पूर्णिया जिला के व्यवसायी मोहम्मद नेहाल के पास से 4,70,000 रुपये बरामद किए गए. सीओ उमेश शर्मा की मौजूदगी में राशि की जांच की गई.
दोनों मामलों में राशि के स्रोत के बारे में संतोषजनक जानकारी न मिलने के कारण इसे जिला कोषागार में जमा कर दिया गया है और आगे की जांच जारी है.

