दिल्ली: बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक बयानबाज़ी तेज़ हो गई है. राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद मनोज झा ने कहा है कि इस बार का चुनाव पूरी तरह जन मुद्दों पर केंद्रित रहेगा. उन्होंने कहा कि “सबसे बड़ी लकीर तेजस्वी यादव ने खींची हुई है, जिसे कॉपी-पेस्ट करने की कोशिशें हो रही हैं.”

मनोज झा ने भरोसा जताया कि आने वाले एक महीने में नतीजे सबके सामने होंगे और वे नतीजे उन तमाम लोगों को अस्थिर कर देंगे जिन्हें यह लगता था कि उन्होंने संस्थाओं पर कब्जा जमा लिया है. उन्होंने कहा कि बिहार की जनता इस बार अपने भविष्य को ध्यान में रखकर मतदान करेगी और सत्ता परिवर्तन का मन बना चुकी है.
राजद नेता ने चुनाव आयोग से भी निष्पक्ष भूमिका निभाने की अपील की. उन्होंने कहा, “हमारी उम्मीद है कि चुनाव आयोग एक निष्पक्ष रेफरी की भूमिका में रहे. द्वेषपूर्ण भाषणों और भड़काऊ बयानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए.” झा ने कहा कि लोकतंत्र में संस्थाओं की स्वतंत्रता और निष्पक्षता ही जन विश्वास की नींव है, इसलिए यह चुनाव आयोग की ज़िम्मेदारी है कि वह सभी दलों के लिए समान अवसर सुनिश्चित करे.

