पटना: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के तारीखों का ऐलान होते ही बिहार में सियासी पारा चढ़ने लगा है. इस बीच एक बड़ी खबर निकलकर सामने आ रही है जहां बिहार की मशहूर लोकगायिका मैथिली ठाकुर ने राजनीति में कदम रखने के संकेत दिए हैं. समाचार एजेंसियों को दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि अगर उन्हें चुनाव लड़ने का मौका मिलता है, तो वे अपने गृह क्षेत्र यानी अपने गांव से ही चुनाव लड़ना पसंद करेंगी.

मैथिली ठाकुर ने बताया कि उनकी मुलाक़ात केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय और तावड़े जी से हुई हैं. उन्होंने कहा, “अगर पार्टी की ओर से मुझे टिकट दिया गया, तो मैं अपने गांव से ही चुनाव लड़ना चाहूंगी, क्योंकि वहां से मेरा एक विशेष जुड़ाव है.”
उनके इस बयान के बाद बिहार की सियासत में नई हलचल मच गई है. राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा तेज हो गई है कि मैथिली ठाकुर अब राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाने की तैयारी में हैं. मैथिली ठाकुर बिहार के मिथिला क्षेत्र की लोकप्रिय लोकगायिका हैं और सोशल मीडिया पर उनके लाखों प्रशंसक हैं.

