पटना: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की तारीखों की घोषणा के बाद जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि यह सिर्फ चुनाव की तारीखों का ऐलान नहीं है, बल्कि बिहार में बदलाव की शुरुआत का संकेत है. प्रशांत किशोर ने कहा, “यह बिहार के जनमानस के लिए चुनाव की तारीखों का ऐलान नहीं हुआ है, यह बिहार में बदलाव की तारीख का ऐलान हुआ है, बिहार में एक नई शुरुआत का ऐलान हुआ है.”

उन्होंने आगे कहा कि जन सुराज आंदोलन ईमानदारी और मेहनत के बल पर जनता के बीच अपनी बात रखेगा. उन्होंने दावा किया कि बिहार की जनता अब परिवर्तन के मूड में है और इस बार नई व्यवस्था बनने जा रही है. प्रशांत किशोर ने कहा, “हम बिहार में व्यवस्था परिवर्तन की लड़ाई लड़ रहे हैं. हमारा उद्देश्य सत्ता नहीं, बल्कि सिस्टम में सुधार लाना है.”
प्रशांत किशोर ने सभी राजनीतिक दलों को निशाने पर लेते हुए कहा कि पिछले कई दशकों से बिहार की राजनीति जातिवाद और वादों की राजनीति में उलझी रही है, लेकिन अब जनता जागरूक हो चुकी है और एक नई दिशा की ओर देख रही है. उन्होंने अपील की कि जनता जात-पात की राजनीति से ऊपर उठकर विकास, शिक्षा और रोजगार के मुद्दों पर मतदान करे.

