बांका: विधानसभा चुनाव से पहले बांका क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है. बांका विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनावी मैदान में उतरने वाले जवाहर कुमार झा ने अपने नामांकन की तारीख की औपचारिक घोषणा कर दी है. उन्होंने बताया कि वे आगामी 14 अक्टूबर 2025 को अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे.

जवाहर कुमार झा ने कहा कि उनका उद्देश्य बांका को विकास के नए पथ पर अग्रसर करना है. उन्होंने जनता से भावनात्मक अपील करते हुए कहा, “बांका को बेहतर बनाने के लिए नामांकन कार्यक्रम में आप सभी शामिल होकर मुझे अपना आशीर्वाद दें. आप सभी सादर आमंत्रित हैं.”
श्री झा ने बताया कि क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए एक मजबूत और व्यवहारिक रोडमैप तैयार किया गया है. उन्होंने कहा कि बांका की शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी ढांचे से जुड़ी समस्याओं को दूर करना उनकी प्राथमिकता होगी.
उन्होंने मतदाताओं और समर्थकों से अपील की कि वे 14 अक्टूबर को बड़ी संख्या में उपस्थित होकर उनके संकल्प को बल दें. जवाहर कुमार झा ने कहा कि जनता का आशीर्वाद ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है और इसी शक्ति के बल पर वे बांका को एक आदर्श विधानसभा क्षेत्र बनाना चाहते हैं.

