सीतामढ़ी: बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने तथा आदर्श आचार संहिता के प्रभावी अनुपालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला स्तर पर “स्टैंडिंग कमेटी” का गठन किया गया है. इस कमेटी के अध्यक्ष जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी सीतामढ़ी होंगे. जबकि संयोजक के रूप में उप निर्वाचन पदाधिकारी सीतामढ़ी को नियुक्त किया गया है.

गठित कमेटी में पुलिस अधीक्षक सीतामढ़ी, अनुमंडल पदाधिकारी सीतामढ़ी सदर, पुपरी एवं बेलसंड, नोडल पदाधिकारी (विधि-व्यवस्था एवं आदर्श आचार संहिता कोषांग), जिला जनसंपर्क पदाधिकारी-सह-नोडल पदाधिकारी (मीडिया एवं एमसीएमसी कोषांग) तथा सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के जिला अध्यक्ष या सचिव को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है.
स्टैंडिंग कमेटी का मुख्य उद्देश्य आदर्श आचार संहिता के पालन से संबंधित मामलों की नियमित समीक्षा करना और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करना होगा. साथ ही विधि-व्यवस्था की स्थिति पर सतत नजर रखते हुए चुनावी प्रक्रिया के दौरान शांति और सौहार्द्र बनाए रखना भी कमेटी की प्राथमिक जिम्मेदारी होगी.
कमेटी राजनीतिक दलों और अभ्यर्थियों के बीच समन्वय स्थापित करेगी ताकि चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न हो सके. इसके अलावा मीडिया और सोशल मीडिया पर चुनावी गतिविधियों की निगरानी कर आवश्यक कार्रवाई हेतु संबंधित कोषांगों को निर्देश दिए जाएंगे.
स्टैंडिंग कमेटी की बैठकें नियमित अंतराल पर आयोजित की जाएंगी. इन बैठकों में निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित सभी महत्वपूर्ण विषयों की समीक्षा की जाएगी ताकि जिले में स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित किया जा सके.

