छपरा/ Arzoo Bakhsh बिहार के छपरा में निगरानी विभाग ने भू-अर्जन कार्यालय के क्लर्क आकाश मुकुंद को 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है. गुप्त सूचना के आधार पर हुई इस छापेमारी ने पूरे भू-अर्जन कार्यालय में हड़कंप मचा दिया. निगरानी विभाग की टीम ने कलेक्ट्रेट गेट के पास क्लर्क को रंगे हाथों दबोच लिया.

पुलिस उपाधीक्षक पवन कुमार ने बताया कि याचिकाकर्ता सोनपुर गोविन्दचक निवासी हर्षवर्धन कुमार सिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी जमीन जो एनएच निर्माण के लिए अधिग्रहित हुई थी, उसके एवज में मिले 16 लाख रुपये में से 2 प्रतिशत की राशि के तौर पर घूस मांगी गई. घूस की राशि 30 हजार रुपये तय हुई थी. जैसे ही क्लर्क यह राशि ले रहा था, उसे गिरफ्तार कर लिया गया.
निगरानी विभाग की टीम ने मौके पर मौजूद लोगों के सामने पकड़ी गई राशि की मिलान की और अन्य आवश्यक कार्रवाई के बाद क्लर्क को हिरासत में लिया. याचिकाकर्ता हर्षवर्धन दीक्षित ने बताया कि भारत माला प्रोजेक्ट के तहत नए भूमि अधिग्रहण के लिए भुगतान नहीं किया जा रहा था. पुराने भुगतान में 2 प्रतिशत राशि की घूस मांगी जा रही थी, जिसके खिलाफ उन्होंने निगरानी विभाग को सूचना दी.

