सहरसा: पटना निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सहरसा जिले के पतरघट अंचल कार्यालय में पदस्थापित सीओ राकेश कुमार और कंप्यूटर ऑपरेटर राहुल कुमार को घूस लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है.

डीएसपी विंध्याचल प्रसाद ने जानकारी देते हुए बताया कि परिवादी कैलाश यादव अपनी बहन द्रोपदी देवी की 61.98 डिसमिल जमीन का दाखिल- खारिज करवाना चाहते थे. इसके लिए उन्होंने ऑनलाइन आवेदन किया था और पतरघट सीओ राकेश कुमार से संपर्क किया. सीओ ने दाखिल खारिज के एवज में 20 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी. साथ ही कंप्यूटर ऑपरेटर राहुल कुमार से मिलने को कहा था. जब कैलाश यादव ने ऑपरेटर राहुल कुमार से संपर्क किया तो उसने कहा कि पैसे लेकर आइए, काम हो जाएगा. इसके बाद परिवादी ने निगरानी अन्वेषण ब्यूरो पटना में शिकायत दर्ज कराई. सत्यापन के बाद निगरानी की टीम ने कार्रवाई करते हुए मुंगेर निवासी सीओ राकेश कुमार और मधेपुरा निवासी कंप्यूटर ऑपरेटर राहुल कुमार को घूस लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया.

