भागलपुर: बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के तहत होने वाले मतदान को लेकर सभी राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं. इसी क्रम में शुक्रवार को कहलगांव विधानसभा क्षेत्र के सन्हौला प्रखंड अंतर्गत सनोखर में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने एक विशाल जनसभा को संबोधित किया और राजद प्रत्याशी रजनीश भारती के पक्ष में मतदान की अपील की.

तेजस्वी यादव ने कहा कि 11 नवंबर को लालटेन छाप पर बटन दबाकर रजनीश भारती को भारी मतों से विजय बनाएं ताकि क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित किया जा सके. उन्होंने कहा कि बिहार में जनता बदलाव चाहती है और यह बदलाव महागठबंधन के माध्यम से ही संभव है.
सभा स्थल पर तेजस्वी यादव की एक झलक पाने के लिए लोगों में भारी उत्साह देखा गया. भीड़ “बदलाव की गारंटी- तेजस्वी यादव” के नारे लगाती रही. तेजस्वी यादव ने जनता से पूछा, “क्या रजनीश भारती को जीत का माला पहना दिया जाए ?” — जनता के जोरदार समर्थन पर उन्होंने मंच से स्वयं रजनीश भारती को माला पहनाकर अग्रिम शुभकामनाएं दीं.
इस दौरान झारखंड सरकार के मंत्री एवं प्रत्याशी रजनीश भारती के पिता संजय प्रसाद यादव ने भी सभा को संबोधित किया और कहा कि कहलगांव की जनता इस बार इतिहास रचेगी. उन्होंने कहा कि जनता अगर अवसर देगी तो क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और आधारभूत ढांचे के विकास को प्राथमिकता दी जाएगी.
वहीं रजनीश भारती के प्रचार में झारखंड से पहुंचे राजद के पूर्व प्रदेश महासचिव और सरायकेला खरसावां जिला के आदित्यपुर नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष पुरेंद्र नारायण सिंह ने कहा कि महागठबंधन की जीत के बाद कहलगांव का विकास एनटीपीसी के CSR फंड के माध्यम से सुनिश्चित किया जाएगा. उन्होंने कहा कि महागठबंधन के घोषणा पत्र में जो भी वादे किए गए हैं, उन्हें पूरा किया जाएगा.
सभा में भारी जनसमूह की उपस्थिति ने राजद कार्यकर्ताओं में जोश भर दिया और पूरे क्षेत्र में “तेजस्वी लाओ, बिहार बचाओ” के नारे गूंजते रहे.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
