बांका: जिले के अमरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत लोगाई गांव स्थित एक बगीचे से लापता युवक का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई है. मृतक की पहचान अमरपुर थाना क्षेत्र के बल्लीकिता गांव निवासी राकेश शर्मा के रूप में की गई है, जो 15 जनवरी से लापता था.

मृतक के परिजनों ने 15 जनवरी को अमरपुर थाना में सूचना दी थी कि राकेश शर्मा का कुछ लोगों द्वारा अपहरण कर लिया गया है. इसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए टेक्निकल टीम के सहयोग से लगातार छापेमारी और जांच शुरू की थी.
पुलिस एवं टेक्निकल टीम की संयुक्त कार्रवाई में शनिवार की सुबह लोगाई गांव के बगीचे से राकेश शर्मा का शव बरामद किया गया. शव मिलने की खबर से क्षेत्र में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए.
पुलिस ने मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है, जिससे पूछताछ की जा रही है. पुलिस का कहना है कि पूछताछ और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी. बताया जा रहा है कि राकेश शर्मा के परिजन दिल्ली में रहते हैं.
फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी.

