बगहा/ Arzoo Bakhsh गोबर्धना वन क्षेत्र के घोड़ा घाट के समीप खैरहनी गांव के गन्ने के खेत में छिपे बाघ ने खेत में काम कर रहे किसान पर हमला कर दिया. किसान की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. घटना की सूचना पर जब वन विभाग की टीम बाघ को रेस्क्यू करने पहुंची, तो बाघ ने वनकर्मी पर भी हमला कर दिया. इस हमले में एक टाइगर ट्रेकर गंभीर रूप से जख्मी हो गया, जिसे रामनगर अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

बाघ के हमले में मारे गए किसान का शव गन्ने के खेत से बरामद किया गया. शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है. जानकारी मिली है कि बिहार के वाल्मीकि टाइगर रिजर्व के जंगल से बाहर निकला यह बाघ खेत में काम कर रहे मथुरा महतो पर हमला किया. इस घटना की सूचना पर गोबर्धना रेंज की टीम मौके पर पहुंची.
रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान गोबर्धना वन क्षेत्र के घोड़ा घाट के समीप खैरहनी गांव के गन्ने के खेत में छिपे बाघ ने वनकर्मी विजय उरांव पर हमला कर दिया. इसमें वनकर्मी गंभीर रूप से जख्मी हो गए. वनकर्मियों की तत्परता से उनकी जान बचाई गई. बताया जा रहा है कि यह घटना वाइल्ड टाइगर रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान हुई. इस घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई है. ग्रामीण और किसान अपने खेत छोड़कर भाग गए हैं. वन विभाग की टीम बाघ का सफल रेस्क्यू करने के लिए गांव के समीप कैंप कर रही है ताकि समय रहते बाघ को जंगल की ओर वापस भेजा जा सके. बाघ के हमले में किसान की मौत और वनकर्मी के जख्मी होने की पुष्टि वनकर्मी राम बिनय उरांव, CHC रामनगर के चिकित्सा पदाधिकारी मिथिलेश कुमार और वाल्मीकि टाइगर रिजर्व के सीएफ डॉक्टर नेशामणी ने की है. सीएफ डॉक्टर नेशामणी पूरे मामले की मॉनिटरिंग कर रहे हैं. ग्रामीणों को झुंड बनाकर लाठी- डंडे लेकर खेतों में जाने की सलाह दी गई है. मृतक किसान के परिजनों को पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मुआवजा देने का भरोसा भी दिया गया है. अब देखना होगा कि बाघ कब तक वनकर्मियों के पकड़ में आता है या जंगल की ओर वापस चला जाता है.

