बगहा: बगहा विधानसभा क्षेत्र के भैरोगंज हाई स्कूल मैदान में शनिवार को एनडीए की विशाल चुनावी सभा आयोजित की गई. इस जनसभा में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और दिल्ली के सांसद व फिल्म अभिनेता मनोज तिवारी ने शिरकत की. दोनों नेताओं ने भाजपा प्रत्याशी राम सिंह के पक्ष में वोट मांगे और महागठबंधन, कांग्रेस नेता राहुल गांधी और राजद की सरकार पर जमकर हमला बोला.

सभा को संबोधित करते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि बिहार की जनता ने अब महागठबंधन को नकारने का मन बना लिया है. उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार ही विकास के मुद्दे पर बिहार को आगे बढ़ा रही है, जबकि महागठबंधन में अंतर्कलह और भ्रम की स्थिति बनी हुई है. मौर्य ने चेतावनी दी कि अगर गलती से भी राजद महागठबंधन की सरकार बन गई तो कट्टा, बम और एके-47 का दौर फिर लौट आएगा. उन्होंने कहा कि अब बिहार की जनता चांदी का चम्मच लेकर पैदा होने वालों को नहीं, बल्कि चाय बेचने वाले को ही देश चलाने का मौका दे रही है.
वहीं सांसद और फिल्म स्टार मनोज तिवारी ने कहा कि इस बार एनडीए गठबंधन 170 से अधिक सीटों पर जीत दर्ज करेगा. उन्होंने कहा कि पिछले चुनाव में उपेंद्र कुशवाहा और चिराग पासवान अलग थे, लेकिन इस बार दोनों एनडीए के साथ हैं, जिससे गठबंधन और मजबूत हुआ है.
मनोज तिवारी ने तेज प्रताप यादव पर कटाक्ष करते हुए कहा कि “जो अपने घर को नहीं संभाल पाए, वो बिहार क्या संभालेंगे.” उन्होंने महागठबंधन को “लठबंधन” करार दिया और कहा कि बिहार की जनता अब भ्रम में नहीं आने वाली है.
सभा के दौरान मनोज तिवारी ने अपने मशहूर गीत “हम बिहारी हैं जी” गाकर भीड़ को उत्साह से भर दिया. मंच पर उनकी पत्नी सुरभि तिवारी ने भी जनता से भाजपा प्रत्याशी राम सिंह के समर्थन में मतदान करने की अपील की.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
