दुमका: भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार दो दिवसीय दौरे पर सोमवार सुबह बाबा बासुकीनाथ धाम पहुंचे, जहां उन्होंने सपरिवार विधि- विधान से बाबा फौजदारी नाथ की पूजा- अर्चना की. इस दौरान मंदिर परिसर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पूजा संपन्न कराई गई.

पूजा- अर्चना के बाद मीडिया से बातचीत में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा कि यह उनके लिए सौभाग्य की बात है कि भोलेनाथ के बुलावे पर वे बाबा बैद्यनाथ धाम और बाबा बासुकीनाथ धाम में परिवार सहित पूजा- अर्चना कर पाए. उन्होंने भोलेनाथ से दुमका, झारखंड समेत पूरे देशवासियों के वर्तमान और भविष्य को उज्ज्वल बनाने की प्रार्थना की.

मुख्य चुनाव आयुक्त ने बताया कि इसके बाद वे देवघर के तपोवन स्थित प्लस टू स्कूल जाएंगे, जहां बूथ लेवल ऑफिसर्स (बीएलओ) के साथ सीधा संवाद करेंगे. इस दौरान झारखंड में चल रही स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर) प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा की जाएगी.
उन्होंने बताया कि बैठक में घर-घर सत्यापन, नए मतदाताओं के नाम जोड़ने और मृत या स्थानांतरित मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाने जैसे विषयों की समीक्षा की जाएगी. इससे पहले मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने वन विभाग के विश्रामगृह में कुछ समय विश्राम किया, जहां दुमका जिला प्रशासन की ओर से उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया गया. मौके पर झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार, दुमका उपायुक्त अभिजीत सिन्हा सहित दुमका और देवघर जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे.
उल्लेखनीय है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार दो दिवसीय झारखंड दौरे पर हैं. इस दौरे का उद्देश्य राज्य में मतदाता सूची की समीक्षा करना और आगामी चुनावी तैयारियों का जायजा लेना है.

