मधुपुर/ Md. Aslam शहर के कुंडो बांग्ला रोड स्थित अग्रसेन भवन में पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति को समर्पित अटल स्मृति विधानसभा सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया. सम्मेलन में संगठन के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों एवं सैकड़ों कार्यकर्ताओं की सक्रिय सहभागिता देखने को मिली.

पूरे कार्यक्रम के दौरान अनुशासन, उत्साह और संगठनात्मक एकजुटता स्पष्ट रूप से झलकती रही.
सम्मेलन की शुरुआत अटल बिहारी वाजपेयी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ की गई. वक्ताओं ने अटल जी के जीवन, उनके राष्ट्रवादी चिंतन, सुशासन की अवधारणा और लोकतांत्रिक मूल्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला. नेताओं ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि विचारों के युगपुरुष थे, जिनकी नीतियां और सिद्धांत आज भी देश को दिशा दे रहे हैं.
जिलाध्यक्ष बिरंची नारायण ने कहा कि अटल स्मृति सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी को अटल जी के आदर्शों से जोड़ना और संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत करना है.
वहीं नगर अध्यक्ष पप्पू यादव ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अटल जी के सिद्धांतों को अपने व्यवहार, सोच और कार्यशैली में उतारें. सम्मेलन के दौरान संगठन विस्तार, बूथ स्तर पर मजबूती, युवाओं और महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने तथा आम जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाने जैसे अहम विषयों पर गंभीर चर्चा की गई. वक्ताओं ने कहा कि आने वाले समय में संगठन को और अधिक सक्रिय, अनुशासित और जनसेवी स्वरूप दिया जाएगा.
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में अटल बिहारी वाजपेयी के विचारों पर चलने, संगठन को सशक्त बनाने और समाज व राष्ट्रहित में निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया.

