जामताड़ा/ Manish Baranwal हावड़ा- नई दिल्ली मेन लाइन पर स्थित मधुपुर आरपीएफ थाना अंतर्गत आसनसोल डिवीजन के जोरामोह स्टेशन के समीप गुरुवार करीब 11:00 बजे के आसपास एक युवक चलती ट्रेन से उतरने के दौरान गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया. यह घटना वर्धमान- झाझा अप ट्रेन से उतरने के क्रम में घटी. मिली जानकारी के अनुसार दुर्घटना पोल संख्या 283/31A के पास हुई, जहां ट्रेन से गिरने के बाद युवक ट्रेन के नीचे आ गया. हादसे में युवक का बायां पैर शरीर से अलग हो गया, जबकि हाथ में भी गंभीर चोटें आई हैं. ट्रेन में मौजूद यात्रियों ने तत्काल इसकी सूचना रेलवे कर्मियों को दी. घायल युवक की पहचान लालू साव, पिता मिथलेश साव, निवासी जसीडीह के रूप में की गई है. बताया जा रहा है कि लालू साव ट्रेन में पानी बेचकर अपना जीवन-यापन करता था और चितरंजन स्टेशन से पानी लेकर विभिन्न ट्रेनों में बिक्री करता था. घटना की सूचना मिलते ही रेलवे कर्मी मौके पर पहुंचे और घायल युवक को प्राथमिक उपचार के लिए मधुपुर ले जाया गया. उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है.


